Volkswagen ने अपनी इलेक्ट्रिक हैचबैक ID.Polo के प्रोडक्शन मॉडल को पेश किया है. यह एक नई, पूरी तरह से इलेक्ट्रिक हैचबैक है.![]()
हैदराबाद: जर्मन कार निर्माता कंपनी Volkswagen ने अपनी इलेक्ट्रिक हैचबैक ID.Polo को करीब तीन साल पहले कॉन्सेप्ट तौर पर पेश किया था. अब कंपनी ने इसके प्रोडक्शन मॉडल को पेश किया है. यह एक नई, पूरी तरह से इलेक्ट्रिक हैचबैक है, जिसकी कीमत विदेशों में बिकने वाली कम्बशन इंजन वाली Polo के बराबर होगी.
खास बात यह भी है कि Volkswagen ने पहली बार Polo हैचबैक का बैटरी से चलने वाला वर्जन पेश किया है, और यह पहला ऐसा Volkswagen ID मॉडल भी है, जिसने पहले इस्तेमाल किए जाने वाले अल्फ़ान्यूमेरिक नामकरण को छोड़ दिया है. इस कार को Volkswagen के MEB+ आर्किटेक्चर पर बनाया गया है, जिससे नई ID.Polo एक बहुत छोटी हैचबैक के आकार में Volkswagen Golf जितनी अंदर की जगह देने का वादा करती है.
2026 Volkswagen ID.Polo का डिजाइन
प्रोडक्शन-स्पेक Volkswagen ID.Polo का डिज़ाइन और स्टाइलिंग, 2023 में पेश किए गए ID.2all कॉन्सेप्ट से काफी मिलता-जुलता है. सड़क पर चलने के लिए तैयार यह Polo EV, चीफ़ डिज़ाइनर Andreas Mindt की ‘Pure Positive’ डिज़ाइन फ़िलॉसफ़ी के साथ आती है. Volkswagen का कहना है कि लोगों को इसका अगला हिस्सा काफ़ी पसंद आने वाला है.
इस कार में IQ.Light Matrix LED हेडलाइट्स को एक LED लाइट बार से जोड़ा गया है, और इसमें आगे और पीछे लगे Volkswagen के लोगो भी रोशनी से जगमगाते हैं. वहीं साइड प्रोफाइल पर नजर डालें तो यहां साफ़ होता है कि ID.Polo, Polo के साइज़ के बराबर ही है. इसकी लंबाई चार मीटर से थोड़ी ज़्यादा (4,053 mm) है और इसका व्हीलबेस 2,600 mm है.
कार में पीछे के दरवाज़े का हैंडल C-पिलर पर लगाया गया है, जिसे Volkswagen Golf को ट्रिब्यूट देने के लिए डिज़ाइन किया गया है. वहीं रियर प्रोफाइल की बात करें तो यहां पर ID.Polo में 3D-इफ़ेक्ट वाली कनेक्टेड LED टेल-लाइट्स लगाई गई हैं. ID.Polo का कर्ब वेट 1,568 kg से शुरू होता है.
2026 Volkswagen ID.Polo का इंटीरियर और फीचर्स
नई ID.Polo के इंटीरियर पर नजर डालें तो इसके डैशबोर्ड में 10-इंच का ‘Digital Cockpit’ ड्राइवर डिस्प्ले और 13-इंच का Innovision टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. हालांकि, अच्छी बात यह है कि कार के सभी ज़रूरी फ़ंक्शन स्क्रीन के ज़रिए ही एक्सेस नहीं होंगे. कंपनी ने सेंटर कंसोल पर सही फ़िज़िकल बटन भी दिए हैं.
कार में डुअल-ज़ोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 12-वे एडजस्टेबल पावर्ड फ्रंट सीट्स, फ्रंट सीट्स के लिए हीटिंग और मसाज फ़ंक्शन, 425-वॉट का Harman Kardon साउंड सिस्टम और एक पैनोरमिक ग्लास रूफ़ जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं.
इस कार में पांच यात्री आसानी से सवार हो सकते हैं, लेकिन इसके आलावा Volkswagen का दावा है कि ID.Polo में सामान रखने के लिए भी ज़्यादा स्पेस दी गई है, जिसमें 441-लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि इसके ICE Polo में यह 351 लीटर का है. पीछे की सीटों को मोड़ने पर सामान रखने की जगह बढ़ जाती है और 1,240 लीटर तक हो जाती है.
2026 Volkswagen ID.Polo की बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस
बैटरी ऑप्शन्स की बात करें तो नई Volkswagen ID.Polo के साथ कुल दो बैटरी विकल्प पेश किये गए हैं. इनमें पहला 37 kWh लिथियम फेरो-फॉस्फेट (LFP) बैटरी पैक, और दूसरा 52 kWh निकेल-मैंगनीज-कोबाल्ट (NMC) बैटरी पैक मिलता है. दोनों बैटरियों में Volkswagen Group के ‘यूनिफाइड सेल’ डिज़ाइन का इस्तेमाल किया गया है, और इनमें ‘सेल-टू-पैक’ कंस्ट्रक्शन मिलता है.
इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर की पावर सिर्फ इसके अगले व्हील्स को दी जाती है, और 37 kWh बैटरी वाली ID.Polo की मोटर 114 bhp से लेकर 133 bhp तक की पावर आउटपुट प्रदान कर सकती है. 37 kWh ID.Polo की पीक चार्जिंग क्षमता 90 kW होगी, जब इसे DC फ़ास्ट-चार्जर से जोड़ा जाएगा, और इसकी रेंज 329 किलोमीटर तक होगी.
वहीं 52 kWh ID.Polo की पीक आउटपुट 208 bhp पावर की होगी, और इसे DC फ़ास्ट-चार्जर से कनेक्ट करने पर 105 kW तक की स्पीड से चार्ज किया जा सकेगा. इस वर्जन की रेंज 454 किलोमीटर तक हो सकती है. सभी वेरिएंट्स की टॉप स्पीड 160 kmph सेट की गई है. हालांकि बाद में, कंपनी 223 bhp तक की ज़्यादा पावर देने वाली ID.Polo GTI भी इस लाइनअप में शामिल करेगी.