जनपद में उस समय हड़कंप मंच गया है, जब किसान आंदोलन में एक युवक से पंपिंग गन मिली.
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में किसान आंदोलन के दौरान कलेक्ट्रेट कूच के समय उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रदर्शन में शामिल एक युवक के पास कथित तौर पर पंपिंग गन मिलने की सूचना सामने आई. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में लेकर हथियार कब्जे में ले लिया. पुलिस अब युवक से पूछताछ करने के साथ ही हथियार के दस्तावेज और उसकी वैधता की जांच कर रही है. सीओ दौलत राम वर्मा के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
किसान संगठनों की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर पर आंदोलन किया जा रहा है. आंदोलन के दौरान कलेक्ट्रेट कूच के समय एक युवक के पास कथित तौर पर पंपिंग गन मिलने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया.
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया: वैसे आंदोलन को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क थी. इसी दौरान प्रदर्शन में शामिल एक युवक के पास हथियार होने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से कथित पंपिंग गन बरामद कर ली. पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई. इसके बाद हथियार को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी गई.
युवक के पास पंपिंग गन कहां से आई: पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास पंपिंग गन कहां से आई और वह इसे लेकर किसान आंदोलन में क्यों पहुंचा था? इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक के पास हथियार रखने के लिए आवश्यक लाइसेंस अथवा अन्य वैध दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं.
हथियार होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित युवक को हिरासत में लिया गया. उसके कब्जे से पंपिंग गन बरामद की गई है. हथियार से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
-दौलत राम वर्मा, सीओ-
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया: पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी आंदोलन या सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. ऐसे आयोजनों में किसी भी प्रकार के हथियार को लेकर पहुंचने से स्थिति गंभीर हो सकती है. इसी वजह से पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक को तत्काल हिरासत में लिया और हथियार को अपने कब्जे में ले लिया.
पुलिस अब युवक से पूछताछ के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है. जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि हथियार किसके नाम पर है, उसे रखने की अनुमति है या नहीं और युवक इसे किस उद्देश्य से आंदोलन स्थल तक लेकर पहुंचा था.
पुलिस की निगरानी और सतर्कता बढ़ाई: इसके अलावा पुलिस आंदोलन के दौरान उसकी गतिविधियों और उसकी भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. हथियार मिलने की घटना के बाद कलेक्ट्रेट कूच और आंदोलन स्थल पर पुलिस की निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि आंदोलन के दौरान किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
फिलहाल युवक से पूछताछ और हथियार के दस्तावेजों की जांच जारी है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामले में किन कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.